रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ही दिन में पुसौर और जूटमिल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरी की वारदात सामने आई हैं, जिनमें चोर नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े हल्दी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। पीड़ित नरेन्द्र कुमार शर्मा (32) के अनुसार, रात वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह उठने पर कमरे का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने की अंगूठी, नथनी, चांदी की पायल और करीब 25 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 49 हजार रुपये आंकी गई है। दूसरी वारदात जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम पटेलपाली पंचायत पारा की है, जहां दूध व्यवसायी प्रवीण कुमार पटेल के घर चोरी हुई। पीड़ित के अनुसार रात वह परिवार सहित सोए थे। अगले दिन अलमारी खोलने पर 70 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी बुक और आधार कार्ड गायब मिले। दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। - (ईएमएस)21 मई 2026