क्षेत्रीय
21-May-2026
...


- वन विभाग जांच में जुटा - 2 युवकों की ले चुका था जान, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस गिरिडीह (ईएमएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड स्थित धोवारी जंगल में झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण जंगल की ओर गए, तो उन्होंने झाड़ियों के बीच हाथी का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हाथी घनी झाड़ियों में बुरी तरह फंस गया था, जिससे वह निकल नहीं पाया और उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, यह हाथी पिछले 10 से 15 दिनों से सरिया और बिरनी क्षेत्र के जंगलों के साथ-साथ आसपास के रिहायशी इलाकों में लगातार विचरण कर रहा था। झुंड से अलग होने के कारण यह हाथी काफी आक्रामक हो गया था। इस दौरान उसने कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया, किसानों की फसलों को रौंद डाला और कई घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। हाथी के इस हिंसक रूप के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। इस दौरान हाथी के हमले की चपेट में आने से 2 युवकों की जान भी जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात तक हाथी को आखिरी बार गांवों के आसपास घूमते देखा गया था, जिसके बाद से उसकी कोई हलचल नहीं थी। इस खतरनाक हाथी की मौत की खबर जैसे ही फैली, इलाके के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इधर, वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही वन कर्मियों की एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। हाथी का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद ही उसकी मौत की असली वजहों का खुलासा हो सकेगा। रामयश/ईएमएस 21 मई 2026