- कागजों में विकास, जमीन पर बदहाली - ट्रांसफार्मर फेल - भीषण गर्मी में हलाकान ग्रामीण कोरबा (ईएमएस) देश को बिजली देने वाला कोरबा जिला आज खुद अपने ग्रामो को रोशन नहीं कर पा रहा है।जानकारी के अनुसार कोरबा जिले का ग्राम तुमान इन दिनों भीषण बिजली और पेयजल संकट से जूझ रहा है। हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि ग्राम के लोग दिन में जल के लिए भटक रहे हैं और रातभर गर्मी से हलाकान जागने को मजबूर हैं। शासन-प्रशासन के विकास के दावे यहां पूरी तरह बेमानी साबित होते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी देते हुए स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बताया जा रहा हैं कि ग्राम में पिछले एक सप्ताह से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। ग्रामीण लगातार खराब ट्रांसफार्मर बदलने की मांग कर रहे थे, लेकिन आरोप लगाते हुए बताया की विद्युत विभाग ने स्थायी समाधान करने के बजाय पुराना और कमजोर ट्रांसफार्मर लगाकर खानापूर्ति कर दी। नतीजा यह हुआ कि पूरे ग्राम में गंभीर लो वोल्टेज की समस्या पैदा हो गई। सबसे ज्यादा पेयजल संकट से लोग हलाकान हैं। लो वोल्टेज के कारण बोर मशीनें बंद पड़ी हैं, जिससेग्राम में जलसंकट विकराल रूप ले चुका है। तालाब पहले ही सूख चुके हैं और अब बोरवेल भी जवाब दे चुके हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर भटकना पड़ रहा है। कई परिवार घंटों मशक्कत कर किसी तरह पानी जुटा पा रहे हैं। भीषण गर्मी में यह संकट लोगों के लिए अभिशाप बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग और प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, न तो कोई संबंधित जिम्मेदार अधिकारी ग्राम में पहुंचा और न ही इस गंभीर समस्या का समाधान किया गया। 21 मई / मित्तल