21-May-2026
...


- 7 बसों पर 11,500 रुपये का जुर्माना, कई बसों की फिटनेस निरस्त गुना (ईएमएस)। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग ने संयुक्त रूप से बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी ट्रैफिक अजय प्रताप सिंह और आरटीओ ज्ञानेंद्र वैश्य के नेतृत्व में आज दोपहर 11 से 1 बजे के बीच जज्जी बस स्टैंड के एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर यात्री बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बसों की फिजिकल कंडीशन, सुरक्षा उपकरण और आवश्यक दस्तावेजों को बारीकी से परखा गया। नियमों का उल्लंघन करने और बसों की स्थिति अत्यंत खराब पाए जाने पर आरटीओ द्वारा मौके पर ही कई बसों की फिटनेस निरस्त कर दी गई। वहीं, यात्री सुरक्षा को ताक पर रखकर बिना फायर फाइटर, फर्स्ट एड किट, इमरजेंसी डोर और रिफ्लेक्टिव ट्रायंगल टेप के दौड़ रही 07 बसों पर ट्रैफिक पुलिस ने चालानी कार्रवाई करते हुए 11,500 रुपये का जुर्माना वसूला। यातायात प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। शीघ्र ही सभी बस ऑपरेटर्स की बैठक लेकर उन्हें नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी जाएगी। साथ ही अब रात में चलने वाली ओवरनाइट बसों के चालकों का नियमित एल्कोहल टेस्ट भी कराया जाएगा।_सीताराम नाटानी