क्षेत्रीय
21-May-2026
...


- मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र स्थित शिंजो पंचायत के नायेकाबांध गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, राजकुमार सिंह ने किसी बात को लेकर अपने पुत्र चंदन सिंह को डांट-फटकार लगाई थी। पिता की इस बात से नाराज चंदन अपना आपा खो बैठा और घर में रखी कुदाल उठाकर राजकुमार सिंह के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी ने बताया कि आरोपी चंदन सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले ही उसे रांची से इलाज कराकर घर लाया गया था। परिवार का कहना है कि वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर गुस्से में नियंत्रण खो देता था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसने मानसिक असंतुलन की स्थिति में इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली गई है। बताया जा रहा है कि वारदात देर रात हुई, जिसके कारण आसपास के लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। रामयश/ईएमएस 21 मई 2026