क्षेत्रीय
21-May-2026
...


- पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच बिलासपुर (ईएमएस)। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। पति की मौत का सदमा पत्नी सहन नहीं कर पाई और दो दिन बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों से पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजन और ग्रामीण अब भी इस घटना से सदमे में हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट का विवाह करीब चार वर्ष पहले सुनीता बाई केंवट से हुआ था। दोनों सामान्य लेकिन खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे थे। परिवार की जिंदगी में अचानक उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति की असमय मौत के बाद सुनीता बाई पूरी तरह टूट गई थी। परिजनों के अनुसार वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। परिवार के लोग उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पति के बिछडऩे का दुख वह सहन नहीं कर पाई। परिजनों ने बचाने की कोशिश की, पर बचा नहीं पाए बताया गया कि मंगलवार देर रात सुनीता ने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे पर झूल रही थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बुधवार सुबह घटना की सूचना पचपेड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दो दिन में दो अर्थियां उठने से गांव स्तब्ध रविवार को करंट लगने से रामनारायण की मौत के बाद परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। वहीं मंगलवार रात सुनीता की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे। दोपहर में जब सुनीता का शव गांव पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। गांव के लोगों की आंखें नम थीं। शोकपूर्ण माहौल में महिला का अंतिम संस्कार किया गया। लगातार दो दिनों में एक ही घर से पति-पत्नी की अर्थी उठने से पूरा गांव स्तब्ध है। मनोज राज 21 मई 2026