ट्रेंडिंग
21-May-2026
...


-महज 6 दिनों में बने 1.26 करोड़ फॉलोअर्स -बीजेपी से ज्यादा फॉलोअर्स, सीजेआई के कॉकरोच वाले बयान के विरोध में बनी पार्टी नई दिल्ली,(ईएमएस)। सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई सूर्यकांत के कॉकरोच वाले बयान के विरोध में बनी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का गुरुवार को एक्स पर अकाउंट बैन हो गया है। एक्स ने गुरुवार को बताया है कि उसने भारत में स्थानीय नियमों, कोर्ट के आदेश या कानूनी शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की है। फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सीजेपी के अकाउंट बैन करने की जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीजेपी के सोशल मीडिया पर 6 दिन में लाखों फॉलोअर हो गए हैं। गुरुवार दोपहर तक यह आंकड़ा इंस्टाग्राम पर 1.26 करोड़ तक पहुंच गया। इंस्टाग्राम पर बीजेपी के 87 लाख और कांग्रेस के 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं। वहीं, एक्स पर 12 बजे तक पार्टी के करीब 1 लाख 93 हजार फॉलोअर्स थे, लेकिन अब एक्स ने पार्टी के अकाउंट को भारत में बैन कर दिया है। पार्टी का फेसबुक पर अकाउंट नहीं है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।’ इसका लोगो भी बनाया गया था। 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सीजेआई सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। सीजेआई ने एक दिन बाद ही कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा। इसके बाद यह पार्टी बनाई गई थी। पार्टी ने सदस्यता के लिए 4 योग्यताएं थीं- बेरोजगारी, आलसी होना यानी डले रहो, पड़े रहो, ऑनलाइन रहने की लत और चौथी प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता। पार्टी ने मैनिफेस्टो जारी किया था जिसमें अगर कॉकरोच जनता पार्टी सरकार में आती है तो रिटायरमेंट के बाद किसी भी सीजेआई को राज्यसभा जाने का रिवॉर्ड नहीं मिलेगा। अगर कोई वैध वोट डिलीट किया जाएगा, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को यूएपीए में गिरफ्तार किया जाएगा क्योंकि किसी के वोटिंग का अधिकार छीनना आतंकवाद से कम नहीं। महिलाओं के लिए 50फीसदी का आरक्षण होगा, न कि 33फीसदी का। इसके लिए सांसदों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जाएगी। कैबिनेट में भी महिलाओं के लिए 50फीसदी आरक्षण होगा। अंबानी और अडाणी के सभी मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे, ताकि वास्तव में स्वतंत्र मीडिया को जगह मिल सके। गोदी मीडिया एंकरों के बैंक अकाउंट्स की जांच कराई जाएगी। अगर कोई विधायक या सांसद दलबदल कर दूसरी पार्टी में जाता है तो उसके चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगाई जाएगी। उसे अगले 20 साल तक किसी भी पब्लिक ऑफिस में पद नहीं दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अभिजीत अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की मास्टर डिग्री कर रहे हैं। वो 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि वह एक्स पर सीजेआई का बयान देख रहे थे, जहां पर वो सिस्टम की आलोचना करने और राय देने के लिए देश के युवाओं की तुलना कॉकरोच और परजीवियों से कर रहे थे। सोशल मीडिया पर मैंने इस पर अपनी राय दी। मैंने पूछा कि सब कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा। मुझे जेन-जेड और 25 साल तक के युवाओं के कमाल के जवाब मिले। उन्होंने कहा कि हमें साथ आना चाहिए और एक प्लेटफॉर्म बनाना चाहिए। फिर क्या था मैंने सीजेपी पार्टी बना ली। सिराज/ईएमएस 21मई26 ------------------------------