राष्ट्रीय
22-May-2026


-पूर्वोत्तर, पहाड़ी राज्यों और दक्षिण भारत में मौसम बदलने के आसार नई दिल्ली,(ईएमएस)। मई की तपती दोपहर लोगों को परेशान करने लगी है। एसी-कूलर सब फेल नजर आ रहे हैं। सूरज जैसे आग उगल रहा हो। सुबह होते ही गर्म हवा चेहरे पर थप्पड़ जैसी लग रही है और रात में भी राहत नहीं मिल रही है। दिल्ली से लेकर राजस्थान, यूपी, बिहार और पंजाब तक लोग परेशान नजर आ रहे हैं सब लोग कह रहे हैं कि कब मौसम बदलेगा। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले पांच दिन तक उत्तर भारत के बड़े हिस्से भीषण लू की गिरफ्त में रहेंगे। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, लेकिन इसी झुलसाती गर्मी के बीच एक राहत भरी खबर भी मिली है। आईएमडी ने देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर भारत, पहाड़ी राज्यों और दक्षिण भारत में मौसम तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग का मानना है कि प्री-मानसून गतिविधियां अब मजबूत होती दिख रही हैं और यही बदलाव आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर कम कर सकता है। हालांकि लोगों को गर्मी और बारिश दोनों के डबल अटैक के लिए तैयार रहना होगा। आईएमडी के मुताबिक देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बंटा हुआ है। एक तरफ बुंदेलखंड और राजस्थान आग की तरह तप रहे हैं तो दूसरी तरफ पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत में बादल गरज रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हो चुका है। वहीं उत्तर-पश्चिम यूपी से मणिपुर तक ट्रफ लाइन बनने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों में अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में दस्तक दे सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार प्री-मानसून गतिविधियां सामान्य से ज्यादा तेज हो सकती हैं। इसका असर किसानों से लेकर शहरों में रहने वाले लोगों तक पर पड़ेगा। कहीं तेज बारिश से राहत मिलेगी तो कहीं धूल भरी आंधी और बिजली गिरने का खतरा रहेगा। आईएमडी के मुताबिक 22 मई को देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिलेगा। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, असम और सिक्किम जैसे राज्यों में तेज तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने का खतरा है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की है क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में मौसम खराब है। वहीं उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में हीटवेव का खतरा खत्म नहीं हुआ है। यूपी, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में अगले कई दिनों तक गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। कई शहरों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा। आईएमडी का कहना है कि गर्म रातें स्वास्थ्य के लिए ज्यादा खतरनाक होती हैं क्योंकि शरीर को रिकवर होने का समय नहीं मिल पाता। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों सूरज आग बरसा रहा है। राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। सुबह से ही गर्म हवाएं चल रही हैं और दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। यूपी के ज्यादातर जिले इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। आगरा, प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी और नोएडा समेत कई शहरों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बिहार में बारिश और तूफान का डबल अलर्ट बिहार में मौसम तेजी से करवट ले सकता है। गया, दरभंगा, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने किसानों और खुले मैदान में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। झारखंड के कई हिस्सों में मौसम खतरनाक रूप ले सकता है। भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी है। कुछ इलाकों में हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने वाला है। दार्जिलिंग, कूचबिहार, मुर्शिदाबाद और नॉर्थ 24 परगना में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कोलकाता में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान में भीषण गर्मी का असर जारी है। गंगानगर, बीकानेर और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिन में सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं। हालांकि अगले 48 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। सिराज/ईएमएस 22मई26