-जेल में सजा काट रहे कैदी की मौत, परिजनों ने लगाए जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप धर्मशाला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला जेल में सजा काट रहे युवक विवेक कुमार (31) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर 15 के निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि खनियारा का रहने वाला विवेक कुमार पिछले करीब साढ़े तीन साल से धर्मशाला जेल में सजा काट रहा था। उसकी सजा के केवल डेढ़-दो साल ही बचे थे, लेकिन गत दिवस जेल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक युवक के पिता ने बताया कि उनके बेटे पर एक नालाबिग लड़की को भगाने का आरोप था और फिर बाद में लड़की ने भी उसके खिलाफ कोर्ट में बयान दिया था, जिसकी वजह से उसे सजा हुई थी। प्रवीण कुमार ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में परिजनों को कोई जानकारी नहीं दी गई। जेल प्रशासन विवेक को पहले जोनल अस्पताल लेकर गया और वहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शाम करीब 7:15 बजे मृतक के पिता को फोन पर सूचना दी गई कि उनके बेटे की मौत हो चुकी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जेल के अंदर विवेक के साथ मारपीट की गई। प्रवीण ने कहा कि जब पूरा जेल परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। जेल प्रशासन ने सफाई दी कि कैदी की मौत करंट लगने से हुई है, परिजनों ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उसे करंट लगा, तो क्या वह जेल के अंदर मैकेनिक का काम कर रहा था। अगर तारें नंगी थीं, तो क्यों थीं? इस सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी किसकी है? ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने जेल अधीक्षक की जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके। एसपी ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से पुलिस को दी गई प्राथमिक सूचना के अनुसार, कैदी की मौत का कारण करंट लगना बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। जेल अधीक्षक ने बताया कि यह घटना जेल परिसर के अंदर हुई है, इसलिए नियमों के तहत इस मामले में बहुत जल्द मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए जा रहे हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर निष्पक्षता से काम कर रही है। सिराज/ईएमएस 22मई26