-सड़क रोक कर यातायात ठप करने और निषेधाज्ञा उल्लंघन करने का है आरोप सहारनपुर,(ईएमएस)। कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इकरा हसन के साथ 7 अन्य लोगों को भी नामजद किया है, जबकि 25 अज्ञात के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। सहारनपुर के डीआईजी ऑफिस के बाहर सड़क जाम करने और हंगामा करने के मामले में यह एफआईआर दर्ज हुई है। जानकारी के मुताबिक यह पूरी कार्रवाई सिविल लाइन चौकी प्रभारी की शिकायत के आधार पर की गई है। आरोप है कि सांसद और उनके समर्थकों ने डीआईजी कार्यालय के बाहर मुख्य सड़क को बाधित कर दिया था, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में सरकारी कार्य में बाधा डालने, सड़क रोककर यातायात ठप करने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर हंगामा करने के आरोप लगे हैं। सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही जिले का सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बता दें इकरा हसन पिछले दिनों एक पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए डीआईजी ऑफिस पहुंची थीं। उनका आरोप था कि पुलिस उनकी बात तो मान रही है, लेकिन पीड़िता की बात नहीं सुन रही। जिसके बाद उन्होंने डीआईजी ऑफिस के बहार अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गई थीं। डीआईजी के आदेश पर पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर महिला थाने पहुंची थीं। हालांकि, 10 मिनट बाद उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन अपने समर्थकों को छुड़ाने के लिए फिर उन्होंने धरना दिया था। इसी मामले में अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सिराज/ईएमएस 22मई26