धमतरी(ईएमएस)। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित राजीव व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स की बदहाल स्थिति को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कॉम्प्लेक्स की जर्जर हालत का जायजा लेने के लिए कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे नेताओं ने कहा कि कॉम्प्लेक्स की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। नेताओं ने बताया कि स्थानीय व्यापारी लंबे समय से कॉम्प्लेक्स की मरम्मत और सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन न तो निगम प्रशासन ने इस पर ध्यान दिया और न ही महापौर ने गंभीरता दिखाई। कांग्रेस का कहना है कि लगातार अनदेखी के कारण यह व्यावसायिक परिसर अब खतरे की स्थिति में पहुंच चुका है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार के दावों के बीच धमतरी में विकास के नाम पर केवल वादे और घोषणाएं ही नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जर्जर ढांचे की मरम्मत के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। निरीक्षण के दौरान कन्हैया सोनी, अविनाश मारोठे, अम्बर चंद्राकर, आशुतोष खरे, नवीन गजेंद्र, भागी ध्रुव और मोहन ध्रुव सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 मई 2026