क्षेत्रीय
22-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। शहर में बढ़ते बिजली लोड और लगातार हो रही कटौती की समस्या को दूर करने के लिए ठेलकाबोड़ में प्रस्तावित विद्युत सबस्टेशन का निर्माण अब विवादों में घिर गया है। ग्रामीणों ने उस स्थान पर आपत्ति जताई है, जहां पहले से मुक्तिधाम मौजूद होने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार, विवाद सुलझाने के लिए तहसीलदार और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुक्तिधाम के पास ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाधान के प्रयास किए गए। अधिकारियों ने बीच का रास्ता निकालते हुए प्रस्ताव दिया कि यदि आवंटित एक एकड़ भूमि में से आधा एकड़ जमीन भी मिल जाती है, तो सबस्टेशन का निर्माण किया जा सकता है और शेष भूमि मुक्तिधाम के लिए सुरक्षित रखी जाएगी। हालांकि ग्रामीण इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं हुए। बैठक में मौजूद जनपद उपाध्यक्ष तारणी ठाकुर और सरपंच जागेश्वरी उइके ने स्पष्ट किया कि वे गांव में सबस्टेशन निर्माण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन स्थान चयन में तकनीकी त्रुटि हुई है। उन्होंने बताया कि 2023 में भी इसी क्षेत्र का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन एक ही खसरा नंबर होने की गड़बड़ी के कारण प्रशासन ने मुक्तिधाम वाली जमीन को ही चिन्हित कर लिया। वहीं विद्युत विभाग की सहायक यंत्री नीतू नेताम ने जानकारी दी कि कांकेर शहर में वर्तमान में केवल एक ही सबस्टेशन है, जिससे सात फीडर जुड़े हुए हैं और इसके माध्यम से 15 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। बढ़ते उपयोग, विशेषकर गर्मी में एसी और कूलरों के कारण, सिस्टम पर भारी दबाव है, जिससे बार-बार ट्रिपिंग और बिजली गुल की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि इसी समस्या के समाधान के लिए ठेलकाबोड़ में नए सबस्टेशन की मंजूरी दी गई है। शहर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्राम पंचायत ठेलकाबोड़ ने 2023 में स्वयं इस भूमि का प्रस्ताव पारित कर विभाग को सौंपा था। उसी आधार पर जमीन आवंटन और वर्क ऑर्डर जारी किया गया। वर्तमान में निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय विरोध सामने आया है। अधिकारियों ने कहा है कि पूरे मामले की जानकारी उच्च स्तर पर भेज दी गई है और वहां से प्राप्त निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। ग्रामीणों और विभाग के बीच हुई बैठक में किसी तरह की सहमति नहीं बन पाई है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)22 मई 2026