क्षेत्रीय
22-May-2026
...


- ग्रामीणों की समस्याओं पर दिया समाधान का भरोसा बीजापुर(ईएमएस)। जिले के विधायक विक्रम मंडावी ने भीषण गर्मी के बीच चार दिनों तक बीजापुर और उसूर विकासखंड के 33 अंदरूनी गांवों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दूरस्थ इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। दौरे के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष स्कूल, अस्पताल, सड़क, स्वच्छ पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी केंद्र और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों की समस्याओं पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक मंडावी ने आश्वस्त किया कि सभी मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा और इनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी। चार दिवसीय दौरे के समापन पर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि उसूर और गंगालूर क्षेत्र की अनेक पंचायतों के गांवों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीण लगातार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली और रोजगार की मांग कर रहे हैं। इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ सरकार तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान विधायक ने पेदाकोरमा, पालनार, सावनार, तोड़का, ईतवार, कोरचोली, पुसानार, कावड़गांव, हिरमगुंडा, मुदवेंडी, पीड़िया, डोडीतुमनार, गमपुर, पेदागेलूर, गोमगुड़ा, पालागुड़ा, कंचाल, गंडाराजगुड़ा, एर्रापल्ली कंचाल, मेटागुड़ा दोरली, मंगलतोंग, रासपल्ली उड़तामल्ला, यमपुर उड़तामल्ला, सापेड़ पुजारी कांकेर, बड़े तर्रेम, पोलमपल्ली, कोंजेर गगनपल्ली, नरसापुर गगनपल्ली, टेकुलगुड़ा, मुरकीपाड़ गगनपल्ली, गुण्डाम कोत्तागुड़ा पुसबाका, पुसबाका और चिपुरभट्टी सहित कई गांवों का दौरा किया। दौरे के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, उसूर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य मनोज अवलम, सुनील उद्दे, ब्लॉक अध्यक्ष मंगल राना, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी, भीमा कट्टम, पुरुषोत्तम खत्री, जनपद सदस्य अनिता तेलम, राजेश वासम, अरुण वासम और महेश मोडियम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 मई 2026