- गलत विभागीय कार्रवाई का आरोप इन्दौर (ईएमएस) नगर निगम के सहायक सीएसआई महेंद्र सिंह चौहान ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में खजराना चौराहा स्थित नोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में गंदगी मिलने पर महेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई थी। उनका कहना है कि कार्रवाई के दौरान चौहान को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव में थे। घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए महेंद्र सिंह चौहान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। निगम प्रशासन का कहना है कि कर्मचारी की स्थिति की जानकारी मिलते ही उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और अस्पताल में बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए। वरिष्ठ अधिकारी लगातार चिकित्सकों के संपर्क में हैं, जबकि सहायता और समन्वय के लिए निगम की टीमें भी मौके पर तैनात हैं। निगम प्रशासन के अनुसार यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अप्रत्याशित है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध की गई कार्रवाई विभागीय प्रक्रिया का नियमित हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य केवल कार्य व्यवस्था और जवाबदेही सुनिश्चित करना था। प्रशासन स्वयं इस बात से स्तब्ध है कि एक नियमित प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ऐसी स्थिति कैसे निर्मित हुई। निगम का मानना है कि किसी भी कर्मचारी का स्वास्थ्य और सम्मान संस्था के लिए सर्वोपरि है, इसलिए फिलहाल पूरा ध्यान महेंद्र सिंह चौहान के उपचार और उनके परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। आनंद पुरोहित/ 22 मई 2026