क्षेत्रीय
22-May-2026
...


सासाराम, (ईएमएस)। शुक्रवार दोपहर बिहार के रोहतास जिले के सासाराम सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा है। मिली जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि सिविल सर्जन कार्यालय में कुछ कर्मचारियों द्वारा सरकारी काम कराने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। शिकायत के आधार पर विभाग ने जाल बिछाया और कार्रवाई करते हुए लिपिक सतीश कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी एक व्यक्ति का जरूरी कार्यालयी काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से सिविल सर्जन कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय में मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते उससे पहले निगरानी विभाग की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और हर तरफ इसी कार्रवाई की चर्चा होने लगी। सूत्रों के मुताबिक, निगरानी विभाग आरोपी कर्मचारी को अपने साथ ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। टीम यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस घूसखोरी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। निगरानी विभाग के डीएसपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और शिकायत मिलने पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा- २२ मई/२०२६/ईएमएस