क्षेत्रीय
22-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना अंतर्गत ग्राम पदमनखेड़ी में एक महिला ने अपने ही ससुराल पक्ष पर पति की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। घटना के बाद इंसाफ की गुहार लेकर पीड़ित पत्नी अपने मायके पक्ष के साथ गुरुवार शाम पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची। जहां उसने शिकायत शाखा में आवेदन सौंपकर सास-ससुर, देवर और देवरानी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी कार्यालय में दिए आवेदन में प्रार्थिया रानी यादव पत्नी स्व. कृतपाल सिंह यादव ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2016 में हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही सास-ससुर और देवर की प्रताड़ना के कारण विवाद रहने लगा, जिस पर उसने साल 2021 में गुना न्यायालय में दहेज प्रताड़ना और भरण-पोषण का केस भी दर्ज कराया था। रानी का आरोप है कि उसका पति उसे साथ रखना चाहता था, लेकिन उसका अपने माता-पिता, भाई और छोटे भाई की पत्नी से जमीनी विवाद चल रहा था। मृत पति अक्सर फोन पर बताता था कि जमीन के चक्कर में ससुराल वाले उसे आए दिन प्रताड़ित करते हैं और उसके साथ हाथापाई भी की जाती है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी जमीनी विवाद के चलते उसके ससुर गणेशराम यादव, सास विमलेशबाई, देवर कृष्णपाल सिंह और देवरानी रक्षा उर्फ रानी ने मिलकर 20 मई 2026 को उसके पति कृतपाल सिंह यादव की जान ले ली। रानी का कहना है कि जब वह पति की मौत की खबर सुनकर अपनी ससुराल पदमनखेड़ी पहुंची, तो वहां सास और देवरानी ने उसे प्रताड़ित करते हुए धमकी दी कि अगर वह वहां रुकी, तो जिस तरह उसके पति को मारा है, वैसे ही उसे भी जान से खत्म कर देंगे। पीड़िता ने अपनी और अपने पति की न्याय की रक्षा के लिए पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।- सीताराम नाटानी