वाशिंगटन,(ईएमएस)। होंडुरास के तटीय इलाके में गुरुवार को बंदूकधारियों के दो हमलों में छह पुलिस अधिकारियों समेत 25 लोग मारे गए। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि लोक अभियोजक कार्यालय के प्रवक्ता यूरी मोरा के मुताबिक पहली घटना उत्तरी होंडुरास के ट्रूजिलो नगर पालिका में एक बागान में हुई जहां कम से कम 19 श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। संसाधनों से समृद्ध यह क्षेत्र दशकों से कृषि संघर्ष का केंद्र रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक अंतर-अमेरिकी मानवाधिकार आयोग ने पहले भी इस क्षेत्र के कुछ कार्यकर्ताओं के लिए एहतियाती उपाय सुझाए थे जिन्हें पर्यावरण और भूमि अधिकारों की रक्षा को लेकर धमकियों का सामना करना पड़ा था। दूसरी घटना ग्वाटेमाला सीमा के पास कॉर्टेस विभाग के ओमोआ नगर पालिका में हमलावरों ने पुलिस पर गोलीबारी की। इस घटना में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत छह पुलिसकर्मी मारे गए। पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मी गिरोह-विरोधी अभियान पर तैनात थे और हमलावरों ने राजधानी तेगुसिगल्पा से ओमोआ जाते समय उन पर हमला किया गया। होंडुरास की राष्ट्रीय पुलिस के प्रवक्ता एडगार्डो बाराहोना ने बताया कि ट्रूजिलो बागान हमले में सटीक मौतों का आंकड़ा जुटाना चुनौतीपूर्ण बन गया है। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद डरे-सहमे परिजनों ने अपने प्रियजनों के शवों को घटनास्थल से हटाया। सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच अधिकारियों और फॉरेंसिक टीमों को मौके पर पहुंच गए हैं। इस भयावह हिंसा के बाद होंडुरास सरकार हरकत में आई। सुरक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय पुलिस और सशस्त्र बल मिलकर इन प्रभावित क्षेत्रों में एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाएंगे। साथ ही, अपराधियों को पकड़ने और गहन जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और विशेष अभियोजकों की टीमों का गठन कर किया। इस दोहरे हमले ने एक बार फिर होंडुरास में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और भूमि विवादों से उपजी हिंसा को उजागर कर दिया है, जिससे पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सिराज/ईएमएस 22मई26