लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले सऊदी प्रशासन अलर्ट -सुरक्षा तैयारियों का लिया गया जायजा मक्का,(ईएमएस)। मक्का में हज यात्रा से पहले सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक सुरक्षा तैयारियों का प्रदर्शन किया। गुरुवार को सुरक्षा बलों द्वारा एक विशेष मिलिट्री परेड और फ्लैग मार्च आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य हज के दौरान आने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखना था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दुनिया भर से लाखों मुस्लिम श्रद्धालु हज यात्रा के लिए पवित्र शहर मक्का पहुंच रहे हैं। हज इस्लाम के पांच प्रमुख स्तंभों में से एक माना जाता है, जिसे हर सक्षम मुसलमान को जीवन में कम से कम एक बार पूरा करना आवश्यक माना गया है। सुरक्षा बलों का यह फ्लैग मार्च तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर सऊदी अरेबिया सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता का बड़ा संदेश माना जा रहा है। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का भी जायजा लिया। हज 2026 के दौरान 20 से 30 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक जमावड़ा माना जाता है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए सुरक्षा बलों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हज यात्रा धार्मिक महत्व के साथ-साथ सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद अहम मानी जाती है। तीर्थयात्रियों के ठहरने, परिवहन, शुल्क और उपहारों के कारोबार से देश को बड़ा राजस्व प्राप्त होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर तैयारियां कर रही है। हिदायत/ईएमएस 22मई26