क्षेत्रीय
22-May-2026
...


बेगूसराय, (ईएमएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कोरई गांव में एक 35 वर्षीय महिला की उसके पति ने गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान गायत्री देवी के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पति अमित पंडित शराब के नशे में घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अमित ने घर में रखे धारदार चाकू से पत्नी का गला काट दिया। घटना में गायत्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गांव के पास स्थित गन्ने के खेत में छिप गया। हालांकि ग्रामीणों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बखरी एसडीपीओ कुंदन कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। संतोष झा- २२ मई/२०२६/ईएमएस