शासकीय कार्य में डालते किया अपमानित जबलपुर, (ईएमएस)। गोरखपुर थानांतर्गत गुप्तेश्वर में शराब मदिरा दुकान के बाजू में चल रहे अवैध आहता को बंद कराने पहुंचे आबकारी विभाग के एसआई गुप्ता के साथ शराब दुकान ठेकेदार शिवहरे के प्रतिनिधि उमेश शुक्ला ने अभद्रता की बल्कि शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास करतें हुए एसआई पर आरोपों की बौछार करते हुए उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। बाद में एसआई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। गोरखपुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आबकारी उप निरीक्षक सोनाली गुप्ता ने लिखित शिकायत की कि वह वृत क्रमांक 3 जिला जबलपुर में आबकारी उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ है। वृत क्रमांक 3 के 2 अन्य आरक्षक हनुमान प्रसाद बर्मन व अशोक सिंह के साथ गुप्तेश्वर का निरीक्षण करने के लिए 11 मई शाम 6 बजे शराब दुकान गये थे। जहां शराब दुकान परिसर में अवैध अहाता का संचालन किया जा रहा था। जब उक्त अवैध अहाते का शटर गिराकर उसे ताला बंद किया गया, इसी दौरान दुकान के लायसेंसी मौसमी शिवहरे का प्रतिनिधी उमेश शुक्ला उपस्थित हुआ और उससे अभद्रता पूर्वक व्यवहार कर लोगों से पैसे लेकर शराब बिकवाने का झूठा व मनगढ़ंत आरोप लगाने लगा। यही नहीं इस दौरान आरोपी ने आबकारी मंत्री से शिकायत करने की धमकी देते हुये शराब दुकान परिसर में भीड़ के सामने उसे अपमानित कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। पुलिस ने लिखित शिकायत पर आरोपी उमेश शुक्ला, सेठीनगर के विरूद्ध धारा 132 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। अजय पाठक / मोनिका / 22 मई 2026 / 02.59