22-May-2026
...


सीतापुर (ईएमएस)। विकास खंड गोंदलामऊ के बरगदिया गांव के समीप प्राइवेट बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिस कारण प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गयी। मौके पर जिलाधिकारी सीतापुर डा0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल तत्काल घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा मौके पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल समुचित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना में 02 लोगों की मृत्यु हो गई। वहीं घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा एवं 03 घायलों को जिला अस्पताल सीतापुर भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल 01 व्यक्ति को बेहतर उपचार हेतु तत्काल लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा सीएचसी मछरेहटा एवं जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की गई तथा चिकित्सकों को सभी घायलों का प्राथमिकता के आधार पर समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देशित किया गया। आलोक कुमार बाजपेयी सीतापुर (उ0प्र0) ईएमएस/22/05/2026