- स्कूल फीस नियमन लागू न होने से थे नाराज - कार्यकाल खत्म होने से 4 महीने पहले छोड़ा पद हैदराबाद (ईएमएस)। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अकुनूरी मुरली ने अपना कार्यकाल समाप्त होने से चार महीने पहले ही तेलंगाना शिक्षा आयोग (टीईसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सितंबर 2024 में इस पद का कार्यभार संभाला था। मुख्य सचिव को भेजे गए अपने इस्तीफे में मुरली ने कहा है कि चूंकि शिक्षा सुधारों पर सिफारिशों के साथ एक व्यापक रिपोर्ट सौंपने का काम पूरा हो चुका है, इसलिए वे इस पद से इस्तीफा दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, अकुनूरी मुरली राज्य सरकार द्वारा उनकी रिपोर्ट की प्रमुख सिफारिशों, विशेषकर स्कूल फीस नियमन को लागू न किए जाने से असंतुष्ट थे। शिक्षा आयोग ने सिफारिश की थी कि स्कूलों की फीस तीन साल में केवल एक बार 10 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक ही बढ़ाई जानी चाहिए। इसके विपरीत, निजी स्कूल हर साल मनमाने ढंग से 20 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक फीस बढ़ा रहे हैं, जिसे रोकने के लिए सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। आयोग की अन्य प्रमुख सिफारिशों में एसएससी और इंटरमीडिएट बोर्ड का विलय करना, अलग जूनियर कॉलेजों के बजाय केजी से कक्षा 12वीं तक एक ही स्कूल चलाना, न्यूनतम पासिंग मार्क्स 35 से बढ़ाकर 45 करना और खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के शिक्षकों के वेतन में कटौती करना शामिल था। राज्य सरकार ने फिलहाल इस रिपोर्ट को सरकारी सलाहकार के. केशव राव के नेतृत्व वाली समिति के पास भेज दिया है। प्रशासनिक क्षेत्र में चार दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले अकुनूरी मुरली तेलंगाना के भूपालपल्ली जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने तेलंगाना स्टेट आर्काइव्स के महानिदेशक और सर्व (एसईआरपी) के सीईओ जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। रामयश/ईएमएस 23 मई 2026