राजगढ़(ईएमएस)l जिले की पुलिस युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में ऑपरेशन शुद्धि के तहत भोजपुर पुलिस ने शनिवार को एक युवक को 46.50 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत 4 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहन पिता भंवरलाल तंवर निवासी ग्राम खाजली के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध हालत में मादक पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर भोजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मोहन को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 46.50 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक केवल व्यक्तिगत सेवन के लिए नहीं थी। आशंका है कि आरोपी जिले में स्मैक की सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। शुरुआती जांच में स्थानीय स्तर पर आपूर्ति और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना जताई जा रही है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि वह स्मैक कहां से लाया था और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस उसके मोबाइल संपर्क, आने-जाने के रूट और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। आरोपी मोहन के खिलाफ थाना भोजपुर में मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय यादव सहित भोजपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। -निखिल/राजगढ़/23/5/2026