23-May-2026
...


- मेंबर बनाने के नाम पर एपीके फाइल और लिंक भेजकर की जा रही है ठगी भोपाल(ईएमएस)। देश में इन दिनो कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को लेकर जहॉ आमजन और राजनैतिक हलको में खासा बवाल मचा नजर आ रहा है। वहीं सायबर ठगोरो ने भी इसे लोगो को ठगने का नया हथियार बना लिया है। जारी घमासान के बीच ही साइबर जालसाज कॉकरोच जनता पार्टी का सदस्य बनाने के नाम पर एपीके फाइल और लिंक भेजकर ठगी कर रहे है। इस तरह की ठगी की शिकायतें सामने आने पर ऐसे फ्रॉड से बचने के लिये साइबर क्राइम, पुलिस कमिश्नरेट भोपाल द्वारा एडवायजरी जारी की गई है। - इस तरह हासिल करते है, बैंक डिटेल, यूपीआई जारी एडवाइजरी में बताया गया है की कॉकरोच जनता पार्टी एक वायरल व्यंग्यात्मक ऑनलाइन राजनीतिक मूवमेंट है, जो मई 2026 में सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड हुआ है। ऑनलाइन साइबर ठगों द्वारा कॉकरोच जनता पार्टी के मेम्बर बनाने के नाम पर एपीके फाइल और लिंक भेजकर ठगी की जा रही है। ठग एसएमएस और व्हॉट्सएप संदेशों के माध्यम से फर्जी लिंक या नकली एपीके फाइल भेजकर आम नागरिकों को धोखा देने का प्रयास कर रहे हैं। इन लिंक या ऐप पर क्लिक करने से व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल और यूपीआई से जुड़ी संवेदनशील जानकारी अपराधियों के हाथ लग सकती है। - बचने के लिये यह रखे सावधानियां इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिये किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अज्ञात सोर्स से मिली एपीके फाइल कभी डाउनलोड न करें। ओटीपी, बैंक डिटेल, यूपीआई पिन या पासवर्ड किसी भी कॉल या मैसेज पर शेयर न करें। और न ही किसी अनजान लिंक, एपीके फाइल को फारवर्ड करें। केवल गुगल प्ले स्टोर या आधिकारिक वेबसाइट से ही ऐप डाउनलोड करें। यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप, एपीके फाइल इंस्टॉल हो जाए, तो तुरंत उसे हटाएं और पासवर्ड बदलें। - यदि आप शिकार हो जाएं तो यह करें यदि आप असावधान रहते हैं, तो ठगो के जाल में फंसकर आप न केवल आर्थिक नुकसान उठा सकते हैं, बल्कि मानसिक और सामाजिक उत्पीड़न का भी शिकार हो सकते हैं। यदि आप किसी भूल या गलती के कारण सायबर फरेबियो के जाल में फंस जायें तो घबरायें नहीं फौरन ही इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस से करते हुए अपने बैंक को सूचित करें। और किसी भी तरह की सायबर काईम संबंधित घटना होने पर इसकी सूचना भोपाल सायबर क्राइम के हेल्पलाइन नम्बर 9479990636 अथवा राष्ट्रीय हेल्पलाईन नंबर 1930 पर दें। जुनेद / 23 मई