प्रधानमंत्री बोले- अब आप देश की विकास यात्रा का हिस्सा -अब तक 12.50 लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने चयनित युवाओं से संवाद भी किया और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस रोजगार मेले का आयोजन देश के 47 शहरों में किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवाएं, उच्च शिक्षा सहित विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि अब ये युवा देश की विकास यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी रोजगार मेले को लेकर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर प्रदान कर रही है। साल 2022 में शुरु हुआ रोजगार मेला गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले के पहले चरण की शुरुआत की थी। उस समय सरकार ने वर्ष 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। इसके बाद लगातार रोजगार मेलों के माध्यम से नियुक्तियां दी जा रही हैं। लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को आयोजित 12वें रोजगार मेले में सबसे अधिक 1 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। वहीं, वर्ष 2025 में 11 लाख नियुक्तियों का आंकड़ा पार कर लिया गया था। अब तक देशभर में आयोजित 19 रोजगार मेलों के जरिए 12.50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर मिल चुके हैं। हिदायत/ईएमएस 23मई26