23-May-2026
...


- पेपर लीक, सेलेक्शन गारंटी, एडवांस पेपर और वीआईपी रिजल्ट जैसे झांसो में न आये भोपाल(ईएमएस)। री-नीट यूजी 2026 के नाम पर सायबर ठगो द्वारा छात्रो के साथ फ्रॉड किये जाने की शिकायतो को लेकर साइबर क्राइम, पुलिस कमिश्नरेट भोपाल द्वारा लोगो को सावधान करने और ठगी से बचाने के लिये एडवाइजरी जारी की गई है। जारी एडवायजरी में कहा गया है, की नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा (री-नीट) की चर्चाओं के बीच कई साइबर ठग छात्रों और अभिभावकों को निशाना बना रहे हैं। सोशल मीडिया, टेलीग्राम, व्हॉट्सएप और फर्जी वेबसाइट्स के जरिए पेपर लीक, सेलेक्शन गारंटी, एडवांस प्रश्नपत्र और वीआईपी रिजल्ट जैसे झूठे दावे किए जा रहे हैं। एनटीए ने पहले भी ऐसे फर्जी दावों को गलत बताया है, और छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी है। - ठगी कैसे हो रही है एडवायजरी में कहा गया है कि ठग टेली्ग्राम, व्हॉट्सएप पर लीक पेपर बेचने का दावा करने के साथ ही, फर्जी पीडीएफ और गेस पेपर भेजते है। इसके साथ ही री-नीट फाइनल डेट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ओटीपी और बैंक डिटेल मांगी जाती है। ठग फर्जी एनटीए वेबसाइट बनाकर रजिस्ट्रेशन फीस लेने के नाम पर या सोशल मीडिया ऐड के जरिए सौ प्रतिशत सिलेक्शन का झांसा देकर भी लोगो को अपने जाल में फंसाकर मोटी रकम ठग रहे है। - बचने के लिये छात्रों और अभिभावकों के लिए जरूरी सावधानियां एडवायजरी में हिदायत दी गई है की छात्र और अभिभावक केवल आधिकारिक एनटीए वेबसाइट और नोटिस पर भरोसा करें, किसी भी पेपर लीक मैसेज की तुरंत रिपोर्ट करें, अनजान टेलीग्राम या व्हाट्सएप ग्रुप से दूर रहें, किसी भी तरह का संदेह होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें और अपने सोशल मीडिया एकांउट में मजबूत पासवर्ड और टू-फेक्टर ऑथेनटिकेशन का इस्तेमाल करें - भूल कर भी ऐसी भूल न करें किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों या लुभावने ऐड में फंसकर पैसे ट्रांसफर न करें, अपना ओटीपी, यूपीआई पिन कभी शेयर न करें। फर्जी पीडीएफ या एपीके ऐप्स को डाउनलोड न करें और सोशल मीडिया में जारी अफवाहों पर भरोसा न करते हुए उनसे दूर रहें। - यह हमेशा याद रखें पुलिस विभाग की और से जारी एडवायजरी में विशेष तौर पर बताया गया है कि यह बात हमेशा याद रखे की कोई भी संस्था या व्यक्ति असली नीट प्रश्नपत्र पहले से उपलब्ध नहीं करा सकता। ऐसे दावे पूरी तरह अवैध और धोखाधड़ी वाले होते हैं। एनटीए ने भी छात्रों से केवल आधिकारिक सूचना स्रोतों पर भरोसा करने को कहा है। और किसी भी तरह की सायबर काईम संबंधित घटना होने पर इसकी सूचना भोपाल सायबर क्राइम के हेल्पलाइन नम्बर 9479990636 अथवा राष्ट्रीय हेल्पलाईन नंबर 1930 पर दें। जुनेद / 23 मई