खरगोन (ईएमएस)। कसरावद पुलिस ने शनिवार तड़के सुबह अवैध कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश देकर हजारों रुपए कीमत की बिक्री के लिए संग्रहित शराब जब्त की है। कार्रवाई में घर में रखी कच्ची शराब के साथ ही ढाबों पर बेचने के लिए संग्रहित शराब शामिल है। इस कार्रवाई में 4 प्रकरण दर्ज कर 20 हजार 750 रुपए कीमत की 145 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब नष्ट की है। इस दौरान 28 हजार रुपए कीमत का 2800 लीटर महुआ लहान भी नष्ट कर अवैध शराब बनाने के संसाधनों को जब्त किया है।पुलिस से मिली जानकारी अनुसार ग्राम भीलगांव के रवि व उसके घर के पास अनिल, गणेश वानखेड़े ने अपने घर पर एवं शिवम डावर के द्वारा नाले के पास हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बनाकर संग्रहित करने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने दबिश दी। मौके से रवि पिता रुकडिया निवासी भीलगांव के घर से 60 लीटर कच्ची शराब को नष्ट किया है। आरोपी शिवम पिता जीवन डावर के कब्जे से 60 लीटर शराब को नष्ट किया। अनिल पिता मांगीलाल भीलगांव के घर से 12 लीटर अवैध कच्ची महुआ की शराब जब्त कर आबकारी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया है। आरोपी गणेश पिता बाबू वानखेड़े निवासी भीलगांव के घर से 13 लीटर अवैध कच्ची महुआ की शराब जब्त की है। पुलिस टीम थाना कसरावद ने 22 मई को भी कस्बा भ्रमण के दौरान मंडलेश्वर रोड स्थित ढ़ाबे के पास कार्रवाई की है। यहां रोहित पिता दिनेश रावल निवासी धामनोद व महादेव पिता कैलाश तंवर निवासी ग्राम बेगंदा धामनोद को अवैध रूप से शराब बेचते घेराबंदी कर पकड़ा। इनके कब्जे से 2280 रुपए कीमत के 32 क्वाटर देशी प्लेन शराब जब्त की है। ईएमएस / 23/05/2026