इन्दौर (ईएमएस) युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 के कांग्रेस अध्यक्ष दानिश खान के नेतृत्व में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में रीगल तिराहे स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वाहन चालकों और राहगीरों को मेलोडी चॉकलेट बांटकर अनोखे तरीके से भी विरोध जताया। प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता महंगाई से परेशान है, जबकि प्रधानमंत्री विदेश दौरों और प्रचार में व्यस्त हैं। दानिश खान ने कहा, कि एक तरफ पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और आम आदमी महंगाई से त्रस्त है, वहीं प्रधानमंत्री इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को चॉकलेट भेंट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सड़क पर संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन में प्रतीक मित्तल, शैलू सेन, रेहान अंसारी, बलवंत टटवाड़े सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। आनंद पुरोहित/ 23 मई 2026