- चालक गंभीर घायल गुना (ईएमएस)। जिले के ए.बी. रोड हाईवे पर शनिवार दोपहर एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया, जहां प्लास्टिक दाने से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खंती में पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में लगभग 40 टन प्लास्टिक दाना भरा हुआ था, जो पानीपत से बेंगलुरु की ओर जा रहा था। जैसे ही शनिवार दोपहर ट्रक गुना जिले के अंतर्गत ए.बी. रोड हाईवे से गुजर रहा था, तभी अचानक सडक़ पर एक गाय सामने आ गई। ट्रक के क्लीनर ने बताया कि हाईवे पर अचानक आई गाय को बचाने के चक्कर में चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। रफ्तार तेज होने के कारण भारी-भरकम ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे हाईवे किनारे बनी गहरी खंती में जाकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें भरा भारी मात्रा में प्लास्टिक दाना मुख्य सडक़ और आसपास फैल गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। दुर्घटना में ट्रक चालक को शरीर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबे को हटाने और हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारू कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी