- नाले-नालियों की व्यापक सफाई के लिए मशीनों एवं स्वच्छता संरक्षकों की संयुक्त कार्यवाही कटनी (ईएमएस)। आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर में जलभराव की संभावित समस्या के निराकरण एवं सुगम जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर नाले-नालियों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई जा रही है। अभियान के तहत नगर के प्रमुख एवं आंतरिक क्षेत्रों में मशीनों तथा स्वच्छता संरक्षकों की सहायता से नियमित रूप से सफाई कार्य संपादित किए जा रहे हैं। यहां हुए सुगम जल निकासी के प्रयास निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार शनिवार को वार्ड क्रमांक 1 की गली नंबर 3, वार्ड क्रमांक 4 बाला जी नगर, वार्ड क्रमांक 5 के मुख्य मार्ग के बड़े नाले, वार्ड क्रमांक 9 राष्ट्रीय स्कूल नाला, गर्ग चौराहा, नई बस्ती, आधार काप के डी सी कॉलेज के पास, सिंधु भवन के पास, प्रेम नगर मल्टी मार्ग, भूमिया टोला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भीम राव चौक से जग्गी पान वाले के घर तक, भट्टा मोहल्ला, पाठक वार्ड, कुम्हार मोहल्ला,राय कॉलोनी, अमीरगंज सहित नगरीय एवं उपनगरीय क्षेत्र की विभिन्न छोटी एवं बड़ी नाली व नालों की सफाई की जाकर सुगम जल निकासी हेतु प्रयास किए गए। मशीनरी एवं स्वच्छता संरक्षकों दे रहे अंजाम नगर निगम द्वारा जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से बड़े नालों की सफाई हेतु पोकलेन मशीन, जेसीबी एवं अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, वहीं छोटी नालियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में स्वच्छता संरक्षक दल द्वारा विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। सफाई कार्य के दौरान नालों एवं नालियों में जमा गाद, प्लास्टिक अपशिष्ट एवं अन्य अवरोधक सामग्री को हटाकर जल प्रवाह को सुचारू बनाया जा रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता नगर निगम प्रशासन द्वारा ऐसे क्षेत्रों को प्राथमिकता में लिया गया है, जहां पूर्व वर्षों में जलभराव की स्थिति निर्मित होती रही है। संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग कर सफाई कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है, जिससे मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नागरिकों से नाले नालियों में कचरा न डालने की अपील नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा, प्लास्टिक एवं निर्माण सामग्री न डालें, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो। निगम प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छ, सुरक्षित एवं जलभराव मुक्त नगर की व्यवस्था सुनिश्चित करना है, जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ईएमएस/मोहने/ 23 मई 2026