- ग्रीष्मकालीन गणना में संख्या बढ़ी,तीन प्रजातियों की हुई पहचान मंडला (ईएमएस)। कान्हा टाइगर रिजर्व में चल रही ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना-2026 के दूसरे दिन गिद्धों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। शुक्रवार, 23 मई को हुई इस गणना में कान्हा, मुक्की, सरही और किसली परिक्षेत्रों में कुल 333 गिद्ध देखे गए। वन विभाग के मुताबिक, गणना के दौरान गिद्धों की तीन प्रजातियों की पहचान की गई। इनमें भारतीय गिद्ध, सफेद पीठ वाले गिद्ध और राज गिद्ध शामिल हैं। गणना दल ने 305 वयस्क और 28 अवयस्क गिद्धों की उपस्थिति दर्ज की। कान्हा टाइगर रिजर्व में यह गिद्ध गणना वैज्ञानिक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रशिक्षित वन कर्मचारियों द्वारा की जा रही है। गिद्धों की वास्तविक संख्या, उनकी प्रजातिगत स्थिति और संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने के लिए गरुण मोबाइल ऐप और डाटा शीट का उपयोग किया जा रहा है। गौरतलब है कि गणना के पहले दिन 306 गिद्ध दर्ज किए गए थे, जो दूसरे दिन बढ़कर 333 हो गए। इससे पहले फरवरी 2026 में हुई शीतकालीन गिद्ध गणना में कुल 224 गिद्ध देखे गए थे। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन गिद्धों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की गणनाएं गिद्धों के आवास, प्रजनन और संरक्षण रणनीतियों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ईएमएस/मोहने/ 23 मई 2026