- गांवों के विकास के लिए लगातार जारी रहेंगे निर्माण कार्य राजनांदगांव (ईएमएस)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देते हुए ग्राम पंचायत बोइरडीह एवं ग्राम पंचायत जराही में विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और गांवों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दिखाई दी। ग्राम पंचायत बोइरडीह में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत की सभापति श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता डिगेन्द्र सिन्हा, जनपद सभापति सांकेत वैष्णव, सरपंच महेश यादव, भाजपा मण्डल महामंत्री राकेश साहू, टूमन साहू, तिलेश्वर सिन्हा सहित पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। भूमिपूजन के दौरान अतिथियों ने कहा कि गांवों में सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं विकास की आधारशिला होती हैं। सीसी रोड निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा गांव के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। इसी क्रम में ग्राम पंचायत जराही में पंचायत भवन परिसर में शेड रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम भी पूरे विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत सभापति श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता डिगेन्द्र सिन्हा, सरपंच बलराज साहू, बोइरडीह सरपंच महेश यादव, भाजपा घुमका मण्डल के पूर्व अध्यक्ष जागेश्वर साहू, भाजपा मण्डल महामंत्री राकेश साहू, टूमन साहू, तिलेश्वर सिन्हा सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे तथा जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्यों की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। दोनों ग्राम पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।