क्षेत्रीय
23-May-2026
...


- सड़क चौड़ीकरण और सफाई व्यवस्था देखने मैदान में उतरे निगमायुक्त, दिए सख्त निर्देश इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और स्वच्छता को बेहतर करने के लिए निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने शहर में मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण कार्यों और सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने सख्त हिदायत दी कि बाधक निर्माण हटाने के बाद सड़कों पर बिखरा मलबा तत्काल साफ किया जाए, ताकि राहगीरों को परेशानी न हो। साथ ही सभी काम तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने छावनी चौराहा से मधुमिलन चौराहा, चंद्रभागा पुल से हरसिद्धि क्षेत्र और सदर बाजार रोड का दौरा कर चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान यातायात और नागरिक सुविधाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। - डिवाइडर और सार्वजनिक स्थलों की होगी विशेष क्लीनिंग आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, रोड क्लीनिंग और डिवाइडरों की स्वच्छता का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बाधक निर्माण टूटते ही मलबे को हटाने में जरा भी देरी न हो, क्योंकि इससे धूल और जाम की स्थिति बनती है। निर्माण वाले रूटों पर ट्रैफिक डायवर्जन की बेहतर व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, नगर शिल्पज्ञ पी.एस. कुशवाह, जोनल अधिकारी गितेश तिवारी एवं शैलेंद्र मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे, जिन्हें लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रकाश/23 मई 2026