मुंबई (ईएमएस)। अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को फिल्ममेकर नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल करने की तैयारी में जुटे हैं। इस मेगाबजट पौराणिक फिल्म को लेकर फिल्म इंडस्ट्री और ट्रेड मार्केट में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रणबीर कपूर अभिनीत यह फिल्म रिलीज से पहले ही कमाई के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दो भागों में बनाई जा रही इस फिल्म के थिएट्रिकल और डिजिटल राइट्स को लेकर बड़े स्तर पर बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि निर्माता नमित मल्होत्रा हिंदी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स के लिए इंडस्ट्री के कई बड़े डिस्ट्रीब्यूटर्स से चर्चा कर रहे हैं। फिल्म के हिंदी थिएट्रिकल राइट्स के लिए करीब 450 करोड़ रुपये की मांग की गई है, जिसने ट्रेड जगत में हलचल मचा दी है। ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह सौदा 300 से 400 करोड़ रुपये के बीच भी तय होता है, तो यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी डिस्ट्रीब्यूशन डील साबित हो सकती है। फिलहाल हिंदी सिनेमा में सबसे बड़ी थिएट्रिकल डील का रिकॉर्ड शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ के नाम बताया जा रहा है, जिसके ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स लगभग 250 करोड़ रुपये में बिकने की चर्चा है। ऐसे में ‘रामायण’ के लिए मांगी जा रही कीमत को बेहद बड़ी और ऐतिहासिक माना जा रहा है। सिर्फ सिनेमाघरों तक ही नहीं, बल्कि डिजिटल और सैटेलाइट राइट्स को लेकर भी मेकर्स की बड़ी योजना है। खबरों के मुताबिक, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने फिल्म के दोनों भागों के संयुक्त स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए करीब 700 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था, लेकिन निर्माताओं ने इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया। कहा जा रहा है कि मेकर्स डिजिटल राइट्स के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये की डील की उम्मीद कर रहे हैं। करीब 4000 करोड़ रुपये के विशाल बजट में तैयार हो रही इस फिल्म को भारतीय सिनेमा का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि यदि फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरती है, तो यह बॉक्स ऑफिस पर पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि ‘केजीएफ’ फेम अभिनेता यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। सुदामा/ईएमएस 26 मई 2026