मनोरंजन
26-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। लंबे समय बाद कान्स फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन ने शानदार अंदाज में वापसी की है। फिल्म फेस्टिवल में इस बार उनके साथ उनकी बेटी आराध्या बच्चन भी नजर आईं। मां-बेटी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। कान्स में ऐश्वर्या राय ने बेबी पिंक रंग का आकर्षक आउटफिट पहना, जिसमें फ्लोइंग केप स्लीव्स और चमकदार फूलों की कढ़ाई ने उनके लुक को बेहद खास बना दिया। उन्होंने अपने लुक को सॉफ्ट कर्ल्स, ग्लॉसी मेकअप और स्टेटमेंट ज्वेलरी के साथ पूरा किया, जिससे उनकी खूबसूरती और भी निखरकर सामने आई। हमेशा की तरह ऐश्वर्या ने अपने ग्रेस और एलिगेंस से रेड कार्पेट पर अलग छाप छोड़ी। वहीं आराध्या बच्चन ने भी अपने स्टाइल से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने सैटिन रेड गाउन के साथ चमकदार केप पहनी थी, जो उनके लुक को बेहद रॉयल बना रही थी। फ्रेंच रिवेरा के खूबसूरत माहौल में मां-बेटी की यह जोड़ी किसी फिल्मी दृश्य जैसी नजर आई। फैंस ने सोशल मीडिया पर दोनों की बॉन्डिंग और स्टाइल की जमकर तारीफ की। कान्स में अपने पहले रेड कार्पेट अपीयरेंस के दौरान ऐश्वर्या ने रॉयल ब्लू बॉडीकॉन गाउन पहना था। इस गाउन में कंधों के पास खास डिजाइन और पूरे आउटफिट पर चमकदार कढ़ाई की गई थी। उन्होंने इस लुक को बेहद कम एक्सेसरीज के साथ स्टाइल किया, जिससे गाउन की भव्यता और उनकी पर्सनैलिटी दोनों उभरकर सामने आए। फैशन विशेषज्ञों और फैंस ने उनके दोनों लुक्स की काफी सराहना की। कान्स रवाना होने से पहले ऐश्वर्या और आराध्या को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी साथ देखा गया था। दोनों ब्लैक आउटफिट में ट्विनिंग करती नजर आईं। एयरपोर्ट पर ऐश्वर्या ने एक छोटे फैन के साथ तस्वीर खिंचवाकर अपने विनम्र स्वभाव की झलक भी दिखाई, जिसे सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया। ऐश्वर्या राय बच्चन का कान्स फिल्म फेस्टिवल से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने साल 2002 में देवदास के साथ कान्स में डेब्यू किया था। उस दौरान उनके साथ शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली भी मौजूद थे। तब से लेकर अब तक ऐश्वर्या लगातार कान्स के रेड कार्पेट पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करती रही हैं। सुदामा/ईएमएस 26 मई 2026