फिरोजाबाद (ईएमएस)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने अपनी पूरी टीम के साथ ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने अधिकारियों को ईदगाह, गांधी पार्क मैदान और इस्लामी इंटर कॉलेज में होने वाली बकरीद की नमाज की तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने सभी स्थलों का भ्रमण कराकर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और नमाजियों के बैठने की व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डीएम ने दिए युद्ध स्तर पर काम के निर्देश निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मौके पर मौजूद नगर मजिस्ट्रेट और नगर निगम के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा, बकरीद के त्योहार पर बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। ईदगाह सहित जामा मस्जिद, शाही मस्जिद व नगर की अन्य सभी मस्जिदों में साफ-सफाई, चूना पट्टी और डस्टबिन लगाने का काम कल से ही युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाए, ताकि समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूरी हो जाएं। ड्रोन से होगी निगरानी, महिला पुलिस भी तैनात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लागहे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया, नगर सहित पूरे जनपद में पुलिस की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। खासकर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन के साथ मुस्तैदी से निगरानी रखी जाएगी। त्यौहार की खरीदारी के मद्देनजर बाजारों में ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही महिला सुरक्षा कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि बहन-बेटियां सुरक्षित खरीदारी कर सकें। हमारा प्रयास है कि त्योहार को सौहार्दपूर्वक संपन्न कराया जाए। सरकारी गाइडलाइन का पालन करने की अपील डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लागहे ने संयुक्त रूप से जनपदवासियों को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। साथ ही आवाम से अपील की कि सभी लोग सरकारी गाइडलाइन का पालन करें और हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएं। प्रशासन को अपना पूरा सहयोग दें ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। ये अधिकारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, अपर नगर आयुक्त, सीओ सिटी प्रवीण तिवारी सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। करबला कमेटी की ओर से अध्यक्ष हिकमत उल्लाह खान के साथ असद खान, ताहिर खान, शहजादुद्दीन खान, सूफी हसन कादरी आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। - ईएमएस फिरोजाबाद