- घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट रोड स्थित हीरा बाग के सामने मंगलवार दोपहर एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान धुएं और लपटों से घिर गई। घटना दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। आग लगने के समय दुकान संचालक और उसका परिवार बाहर गया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थिति को देखते हुए जेसीबी मशीन बुलाकर दुकान के शटर के ताले तोड़े गए और शटर उठाया गया, ताकि अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके। वहीं दुकान के पीछे वाले हिस्से का गेट भी तोड़ा गया, जिससे दमकल कर्मियों को राहत कार्य में मदद मिल सके। करीब कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी के दौरान पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगना बताई जा रही है। दुकान संतोष साहू की संतोष किराना के नाम से थी | यह परिवार बहन की सगाई में ईशागढ़ गया था | बताया जा रहा है कि आग से दुकान में रखा करीब 10 लाख रुपए का किराना और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग दुकान के ऊपर बने मकान तक नहीं पहुंची और आसपास की दुकानों व मकानों को भी नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड मामले की जांच में जुटी हुई है। - सीताराम नाटानी