आज भारत मजबूत, आत्मविश्वासी और गौरवपूर्ण राष्ट्र के रूप में खड़ा नई दिल्ली,(ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को मंगलवार को 12 साल पूरे हो गए। साल 2014 में 26 मई को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम पुष्कर धामी, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को बधाई दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा- 26 मई 2014 को भारत की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। जिस दिन नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी, वह दिन देश में शासन-व्यवस्था, नेतृत्व और राष्ट्रीय संकल्प में एक निर्णायक परिवर्तन का प्रतीक बन गया। उन्होंने कहा कि आज भारत पहले से कहीं ज्यादा मजबूत, आत्मविश्वासी और गौरवपूर्ण राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व के सामने खड़ा है। आज भारत की विकास गाथा पहले से कहीं अधिक समावेशी और लोक कल्याणकारी है। राजनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’ की भावना को सही मायनों में साकार किया है। करोड़ों लोग, जो दशकों तक हाशिये पर थे, आज भारत की विकास यात्रा के सक्रिय सहभागी बने हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र आज सरकार के फैसलों की धुरी बन चुका है। सच्चे अर्थों में एक ‘प्रधान-सेवक’ के रूप में नरेंद्र मोदी ने अपना हर क्षण मां भारती और देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनकी अथक मेहनत, अटूट संकल्प और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ समर्पण करोड़ों लोगों को निरंतर प्रेरित करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र-सेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करें। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने एक्स पर लिखा- देश के लोकप्रिय और यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र तपस्वी और तेजस्वी हैं। उनका नेतृत्व त्रिकालदर्शी है। इस नेतृत्व की तपपूर्ति का यह एक तेजोमय दिवस है। शिवसेना और महाराष्ट्र की 13 करोड़ जनता की ओर से आपका अभिनंदन! 12 साला केवल सत्ता के नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा की अखंड तपश्चर्या के थे। महाराष्ट्र की महायुति सरकार को भी इस कार्यकाल में विकास की नई ऊर्जा मिली है। भारत के अमृतकाल का नया पर्व शुरू हो गया है। बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा- सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जनविश्वास, विकास और राष्ट्रसेवा के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण किए हैं। इन 12 सालों में देश ने आत्मनिर्भरता, जनकल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल किया है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प आज एक सशक्त जनआंदोलन बन चुका है। नए भारत के निर्माण के लिए समर्पित यशस्वी प्रधानमंत्री को इस ऐतिहासिक अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। वहीं, हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने भी एक्स पर लिखा, राष्ट्र निर्माण की इस प्रेरणादायी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री को कोटिशः नमन एवं हार्दिक शुभकामनाएं। पिछले 12 सालों में आपके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को विकास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के नए शिखरों तक पहुंचाया है। गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण, डिजिटल क्रांति से लेकर बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विस्तार और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण तक, प्रत्येक क्षेत्र में भारत ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत, निर्णायक और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। आपके नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र आज विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की मजबूत आधारशिला बन चुका है। उधर, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी ने एक्स पर लिखा, 26 मई 2014 यह केवल एक तिथि नहीं बल्कि भारत के नवयुग के शुभारंभ का ऐतिहासिक क्षण था, जब देश ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और आत्मविश्वास से भरे नए भारत की दिशा में कदम बढ़ाया। पिछले 12 सालों में भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। जहां एक ओर देश ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बनाई, वहीं दूसरी ओर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य भी अभूतपूर्व गति से हुआ। गरीबों के लिए पक्के घर, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तीकरण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तेज़ी से विकसित होती सड़क-रेल-हवाई कनेक्टिविटी और युवाओं के लिए नए अवसर, इन 12 सालें में भारत ने विकास की नई परिभाषा लिखी है। सिराज/ईएमएस 26मई26