श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने जनसुनवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि भूमि संबंधी विवादों का निराकरण करें तथा अतिक्रमण सहित जमीन पर कब्जा करने के मामलो में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जायें। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी फील्ड विजिट कर मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का आंकलन करें तथा गांव में ही ऐसे मामलों को निराकृत करायें। उन्होंने कहा कि विधुत मंडल के अधिकारी संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निराकरण सकारात्मक रूप से सुनिश्चित करे। इसके साथ ही उन्होंने पीएचई, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को सतत् रूप से फील्ड विजिट करने के निर्देश भी दिये। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई के दौरान कुल 322 आवेदन प्राप्त हुए। लूंड गांव में 10.61 लाख की राशि से बनेगा स्कूल भवन, राशि जारी कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत लूंड में प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण की मांग पर अवगत कराया कि शासन द्वारा नवीन भवन के निर्माण के लिए 10 लाख 61 हजार रूपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है, जिसे डीपीसी द्वारा क्रियान्वयन एजेंसी स्कूल मैनेजमेंट कमेटी को भेज दिया गया है। उन्होंने डीपीसी को निर्देश दिये कि उक्त भवन का निर्माण तत्काल शुरू किया जायें तथा की गई कार्यवाही से अवगत कराया जायें। निराश्रित बालक को स्पॉन्सरशिप योजना से जोडे, संबल का लाभ भी दें कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा निराश्रित बालक को महिला बाल विकास विभाग अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना से जोडने तथा पिता की मृत्यु पर मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत लाभ प्रदान करने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई के दौरान बालक के दादा श्री नेतराम बैरवा ने बताया कि उसके पुत्र स्व. श्री गिर्राज बैरवा की मृत्यु हो गई है तथा बहु स्व. श्रीमती पिंकी बैरवा की भी मृत्यु हो गई है। उनका 6 साल का पुत्र है, जिसकी देखभाल उनके द्वारा की जा रही है। इस पर निर्देश दिये गये कि बालक के गार्जियन नियुक्त करने की कार्यवाही महिला बाल विकास विभाग द्वारा की जायें और बालक को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 4 हजार रूपये की मासिक राशि उपलब्ध कराई जायें, इसके साथ ही पिता स्व. श्री गिर्राज बैरवा की सामान्य मृत्यु के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत 2 लाख रूपये की अनुग्रह राशि प्रदान किये जाने हेतु प्रक्रिया पूर्ण की जायें। उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त कर डिमांड भेजने के निर्देश कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के पुराने प्रकरणों में संबंधित जनपद पंचायत श्योपुर से उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त कर राशि के लिए डिमांड भेजने के निर्देश श्रम विभाग के अधिकारियों को दिये गये। आवेदक श्री हनुमान सुमन निवासी पच्चीपुरा ने अवगत कराया कि उसके पिता स्व. श्री इन्द्रराज सुमन की मृत्यु 2019 में हुई थी तथा संबल योजना में पात्र थे, उन्हें अभी तक अनुग्रह राशि नही मिली है। इस प्रकरण की जांच उपरांत पाया गया कि तत्कालीन समय में राशि डायरेक्ट हितग्राही के खाते में ट्रांसफर नही होकर जनपद के खातो में आती थी, तत्समय अन्य हितग्राहियों को भुगतान कर दिया गया था, लेकिन उक्त प्रकरण में हितग्राही को राशि जारी नही हो सकी। इस पर निर्देश दिये कि जनपद पंचायत तत्कालीन समय में उक्त योजना के तहत उपयोग की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र श्रम विभाग को तत्काल उपलब्ध कराये, जिससे हितग्राही की लंबित राशि की डिमांड भोपाल भेजी जा सके और हितग्राही परिवार को योजना के तहत सामान्य मृत्यु पर दो लाख रूपये की राशि प्राप्त हो सके। ई-केवायसी हुई, अब मिलेगा पेंशन का लाभ कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा हितग्राही महिला श्रीमती कल्याणी बाई बैरवा निवासी जावदेश्वर की ई-केवायसी से संबंधित समस्या को सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से हल कराया गया, जिससे अब बुजुर्ग महिला को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन का लाभ फिर से मिलने लगेगा। महिला ने जनसुनवाई में अवगत कराया था कि उसकी पेंशन बंद हो गई है, आवेदन के परीक्षण उपरांत जानकारी दी गई कि समग्र से आधार की केवायसी नही होने के कारण पेंशन बंद हुई थी, जिसे दुरूस्त को करते हुए पेंशन को चालू कराने की प्रक्रिया कर दी गई है तथा इसी माह से पेंशन का लाभ मिलने लगेगा, साथ ही पिछले महीनों की रूकी पेंशन की राशि भी एरियर के रूप में प्राप्त होगी। बीपीएल में नाम जोडने के निर्देश कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान ग्राम नयागांव लाखा तहसील बडौदा निवासी श्री बजरंग लाल बैरवा तथा दिव्यांग श्री सुग्रीव बैरवा निवासी जाटखेडा के नाम पात्रता परीक्षण उपरांत बीपीएल सूची में शामिल करने के निर्देश दिये गये। सिंगल फेस मोटर डालने के निर्देश कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा ग्राम सोहन सिंह का डेरा के ग्रामीणों की मांग पर पीएचई के कार्यपालन यंत्री श्री एलपी सिंह को निर्देश दिये कि गांव में स्थापित हैंडपम्प में सिंगल फेस मोटर डाली जायें, ग्रामीणों ने अवगत कराया कि सोहन सिंह का डेरा में लगा हैंडपम्प जलस्तर घट जाने से अनुपयोगी हो गया है, इस पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने निर्देश दिये कि हैंडपम्प के बोर में सिंगल फेस मोटर डालकर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जायें।