क्षेत्रीय
26-May-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद चंबल संभाग के संभागीय समन्वयक धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया एवं जिला समन्वयक सतीश सिंह तोमर के निर्देशन में विकासखंड मुरैना के ब्लॉक समन्वयक अनिल मोदी के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी द्वारा सेक्टर क्रमांक चार माता बसैंया अंतर्गत ग्राम भठारी में गंगा दशहरा के पावन पर्व पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम वासियों को जल संरक्षण, संवर्धन के प्रति जागरूक करने हेतु जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। ग्राम में पेयजल के स्रोत हेड पंपों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर साफ सफाई की और ग्राम के पेयजल स्रोतों की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री संदीप सेंगर ने कहा कि प्रत्येक गांव में बने हुए कुएं, बावड़ी, तालाब, हेड पंप आदि जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं रख रखाव वर्तमान समय में अति आवश्यक है। क्योंकि जल की हर एक बूंद बहुत जरूरी एवं महत्वपूर्ण है। जल का दुरुपयोग रोकना हम सबकी जिम्मेदारी है। हम सबको जल बचाने हेतु हर प्रकार के प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भठारी के अध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद बघेल, सचिव श्रीमती भूरी देवी, बेताल सिंह सहित स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।