राज्य
26-May-2026
...


* स्टेशनों पर सफाई अभियान, प्लास्टिक उपयोग में कमी और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को दिया जा रहा बढ़ावा अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान एवं विशेष कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मंडल द्वारा 15.05.2026 से 05.06.2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों, संविदा कर्मियों तथा स्टॉल संचालकों को स्वच्छता एवं सतत विकास के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर 15.05.2026 से 19.05.2026 तक “स्वच्छता शपथ” कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें रेलवे कर्मचारियों एवं यात्रियों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। यात्रियों को प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने एवं यात्रा के दौरान अपनी स्वयं की पानी की बोतल साथ रखने के लिए जागरूक किया गया। रेलवे स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार घोषणाएं प्रसारित कर यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक उपयोग कम करने, स्वयं की पानी की बोतल उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। रेलवे अधिकारियों द्वारा स्टॉल संचालकों एवं विक्रेताओं को गैर-प्लास्टिक एवं पर्यावरण अनुकूल कट्लरी अपनाने हेतु परामर्श भी दिया गया। दिनांक 19.05.2026 से 22.05.2026 तक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए गए। प्लेटफॉर्मों पर कचरा पृथक्करण व्यवस्था को सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान संचालित किए गए तथा यात्रियों को कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। इन अभियानों में स्थानीय समुदायों एवं गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की भी सहभागिता रही। रेलवे कर्मचारियों को विशेष रूप से प्लास्टिक उपयोग में कमी एवं जैविक अपशिष्ट प्रबंधन पर संवेदनशील बनाया गया। इसके अतिरिक्त, दिनांक 23.05.2026 से 26.05.2026 तक “प्लास्टिक न्यूनीकरण एवं सतत प्रथाएं” विषय पर विशेष अभियान चलाए गए। रेलवे स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों के रखरखाव एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। साथ ही, स्टेशनों पर विक्रेता स्टॉलों का निरीक्षण कर सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन की निगरानी की गई। रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध वॉटर कूलर सुविधाओं का निरीक्षण कर यात्रियों को अपनी बोतल पुनः भरने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे एकल उपयोग प्लास्टिक बोतलों की खपत कम हो सके। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों से प्लास्टिक बोतलों एवं अन्य प्लास्टिक वस्तुओं के सीमित उपयोग हेतु सहयोग की अपील की गई तथा इस संबंध में यात्रियों से फीडबैक भी प्राप्त किया गया। कैटरिंग एवं ट्रेन सेवा प्रदाताओं को वर्जिन प्लास्टिक उत्पादों के स्थान पर पुनर्चक्रित एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। गैर-सरकारी संगठनों एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित कर प्लास्टिक प्रदूषण एवं उसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने की पहल भी की गई। इसके अतिरिक्त, विक्रेताओं एवं कर्मचारियों को दूध एवं अन्य डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग थैलियों को आंशिक रूप से काटने के संबंध में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया गया, ताकि माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण को कम किया जा सके। पर्यावरण माह के अंतर्गत स्वच्छता अभियान लगातार जारी हैं। अहमदाबाद मंडल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सभी यात्रियों एवं हितधारकों से स्वच्छ एवं हरित वातावरण निर्माण में सक्रिय सहभागिता की अपील करता है। सतीश/26 मई