16 पुरिसा, 6 बेंच, 4 बलिया सहित हथियार बनाने के औजार जप्त भोपाल(ईएमएस)। शहर की थाना निशातपुरा पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 पुरिसा, 06 बेंच, 04 बलिया सहित हथियार बनाने के औजार जप्त किये है। निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा से मिली जानकारी के अनुसार बीती 22 मई को एक प्रकरण में आरोपी चार धमकबाज बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियो से जप्त धारदार हथियारो के संबध में पूछताछ करने पर उन्हें बेचने वाले के संबध में अहम सुराग हाथ लगे। बदमाशो से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरु की और मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना पर सूचना उसे न्यू जेल रोड स्थित एक ढाबे पर दबिश देकर दबोच लिया गया। आरोपी वहीं पर जानलेवा धारदार हथियार तैयार उन्हें चोरी छिपे बेचने का धंधा करता था। आरोपी की पहचान सरदार सिंह लोहार पिता श्रीपाल लोहार (35) निवासी पंचवटी भरपट के पास, करोंद, न्यू जेल रोड के रुप में हुई है। उसके कब्जे से 16 नग अवैध पुरिसा, 6 बेंच, 4 नग बलिया और हथियार बनाने में प्रयोग किये जाने वाला सामान और औजार बरामद किए गए है। पुलिस अब आरोपी सरदार सिंह से यह जानकारी जुटा रही है, कि वह कब से अवैध हथियार बेचने का काम कर रहा था, साथ ही उससे हथियार खरीदने वाले बदमाशों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जुनेद / 25 मई