क्षेत्रीय
26-May-2026
...


एसडीएम को सौंपा अविश्वास प्रस्ताव धारा 40 के तहत हटाने और नए सरपंच के चुनाव की मांग बालाघाट (ईएमएस). जिले की ग्राम पंचायत भरवेली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पंचायत के 21 में से 19 पंचों ने सरपंच गीता अनिल बिसेन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर तख्तापलट के संकेत दे दिए हैं। पंचों ने एसडीएम कार्यालय में प्रस्ताव प्रस्तुत कर जल्द चुनाव कराने और सरपंच को पद से हटाने की मांग की है। सोमवार देर शाम एसडीएम कार्यालय में सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव में 21 में से 19 पंचों के हस्ताक्षर ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। उपसरपंच सहित अधिकांश पंचों ने एकजुट होकर सरपंच को हटाने और नए सरपंच के चयन की मांग की है। भरवेली पंचायत में बदले समीकरणों ने सरपंच की कुर्सी पर संकट खड़ा कर दिया है। अब प्रशासनिक निर्णय और आगामी प्रक्रिया तय करेगी कि पंचायत में नेतृत्व परिवर्तन होता है या सरपंच एक बार फिर अपनी स्थिति बचाने में सफल रहती हैं। तीन साल से जारी है विवाद, नहीं बन रही सहमति पंचायत में यह विवाद कोई नया नहीं है। पिछले तीन वर्षों से सरपंच, उपसरपंच और अन्य पंचों के बीच मतभेद लगातार सामने आते रहे हैं। कई बार ज्ञापन, आवेदन और धरना-प्रदर्शन के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। अब एक बार फिर पंचों ने सामूहिक रूप से अविश्वास प्रस्ताव लाकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। मांगा करोड़ों का हिसाब अविश्वास प्रस्ताव में पंचों ने सरपंच और उनके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उपसरपंच राजेश बाहेश्वर, वार्ड क्रमांक 16 की महिला पंच प्रीति श्रीवास ने बताया कि मुख्य आरोपों में निर्माण कार्यों में करोड़ों रुपए के खर्च का हिसाब नहीं देना, मॉयल से प्राप्त टैक्स राशि का विवरण न देना, ग्राम कोष का लेखा-जोखा प्रस्तुत न करना, सरपंच पति द्वारा पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप, पंचों के अधिकारों का हनन सहित अन्य शामिल है। पंचों ने इन सभी बिंदुओं पर जवाब मांगते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पहले भी आ चुका है अविश्वास प्रस्ताव यह पहला मौका नहीं है जब सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया हो। इससे पहले 25 जुलाई 2025 को हुए मतदान में 13 पंचों ने अविश्वास जताया था, लेकिन सरपंच अपनी कुर्सी बचाने में सफल रही थीं। इस बार स्थिति और गंभीर हो गई है, क्योंकि अब 19 पंच उनके खिलाफ खड़े हैं। केवल सरपंच और एक पंच ही उनके समर्थन में बताए जा रहे हैं। धारा 40 के तहत कार्रवाई की मांग पंचों ने न केवल अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने की मांग की है, बल्कि धारा 40 के तहत सरपंच को पद से हटाने की भी गुहार लगाई है। साथ ही पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के लिए जल्द से जल्द नया सरपंच चुनने की मांग की गई है। भानेश साकुरे / 26 मई 2026