क्षेत्रीय
26-May-2026


2 दिनों से पारा 43.09 डिग्री पर स्थिर जबलपुर (ईएमएस)। नौतपा के दूसरे दिन तापमान ने जमकर अकड़ दिखाई। पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। मंगलवार को भी आसमान से आग बरसी और चारों तरफ उमस भरी गर्मी का माहौल बना रहा। दिन में तेज धूप की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के साथ-साथ उमस का भी एहसास हुआ। नौपतपा का दूसरा दिन सर्वाधिक गर्म रहा, गर्म लू के थपेड़ों ने लोगों के पसीने छुड़ा दिये। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। काम धंधे सब मंदे हो गये थे। शाम 6.30 बजे सूर्यास्त होने के बाद भी देर रात तक तपन बनी रही। गर्मी से राहत पाने लोग तालाबों और नदी के किनारे शाम को भ्रमण करने पहुंचे। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पारा भी और ऊपर जाएगा। वहीं मौसम विभाग ने गर्म लू से बचाव के लिये एडवाईजरी जारी की है। धूप में नहीं निकलने की सलाह दी गई है। आवश्यक होने पर सिर को अच्छी तरह से ढककर ही धूप में निकले। ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों और पानी का सेवन करने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस समान्य से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जो इस सीजन का अबतक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी प्रातःकाल 35 प्रतिशत और सायंकाल 24 प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह 5.25 और सूर्यास्त शाम 6.50 पर होगा। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 38.3 और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया था। पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में और उछाल आएगा। सुनील साहू / मोनिका / 26 मई 2026/ 07.00