कोलकाता (ईएमएस)। 15 साल के उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी के कारण छाये हुए हैं। वैभव ने जिस प्रकार से पिछले एक साल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उससे उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की मांग उठने लगी है। वैभव ने आईपीएल से पहले अंडर-10 विश्वकप और घरेलू रणजी ट्रॉफी में भी अच्छी बल्लेबाज की थी। वैभव ने आईपीएल के 19 वें सत्र में 500 से अधिक रन बना दिये हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निडर होकर किसी भी गेंदबाज पर हावी होने की क्षमता को देखते हुए, कई दिग्गज क्रिकेटरों ने उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की मांग की है। विशेष रुप से टी20 प्रारूप में, जहां के लिए उनकी आक्रामक शैली सटीक है। वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि वैभव को भारतीय टी20 टीम में तो अभी शामिल किया जा सकता है पर टेस्ट टीम के लिए अभी उन्हें शामिल करना ठीक नहीं है। गांगुली के अनुसार वैभव को सभी इसके लिए इंतजार की जरुरत है। वैभव को राष्ट्रीय टीम में शामिल किये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि टी20 प्रारूप में उन्हें बिना देर किए शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि उनका खेल इस प्रारूप की मांग के अनुरूप है पर जहां तक टेस्ट क्रिकेट की बात है इसके लिए अभी समय है। टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाने के लिए, वैभव को अभी प्रथम श्रेणी क्रिकेट में और अधिक रन बनाने होंगे और अपने को हालातों के अनुकूल ढालना होगा और लाल गेंद क्रिकेट की चुनौतियों का सामना करना होगा। टेस्ट प्रारूप के लिए धैर्य और गहरी तकनीकी समझ और अनुभव की जरुरत है। गांगुली ने वैभव की असाधारण प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए आगे कहा, “हालांकि, इसमें कोई संदेह नहीं कि वह इस समय वास्तव में बेहद प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं। दुनिया के किसी भी शीर्ष गेंदबाज के सामने एक 15 साल के लड़के को इस आत्मविश्वास और कुशलता के साथ बल्लेबाजी करते देखना अविश्वसनीय है। वह जिस तरह से गेंदबाजों पर हावी होते हैं, वह उनकी मानसिक दृढ़ता और स्वाभाविक क्षमता का प्रमाण है। वह निश्चित रूप से भारत का उज्ज्वल भविष्य हैं और उनमें अपार क्षमता है।” गांगुली का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय क्रिकेट युवा प्रतिभाओं की तलाश में है। वैभव की आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों दोनों में एक नई उम्मीद जगाई है। गिरजा/ईएमएस 28मई 2026