28-May-2026
...


अब जू में मौज काटेगा दुर्लभ भैंसा ढाका(ईएमएस)। पड़ोसी देश बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन मौके से ठीक पहले एक बेहद अनोखे और दुर्लभ भैंसे ने दुनिया भर की सुर्खियां बटोरी। अपने खास रंग-रूप और शारीरिक बनावट के कारण सोशल मीडिया पर रातों-रात सनसनी बने इस भैंसे की लोकप्रियता को देखते हुए सरकार को खुद आगे आना पड़ा। प्रशासन ने समय रहते बड़ा कदम उठाते हुए इस दुर्लभ जानवर को कुर्बानी से बचा लिया है। अब इसे हमेशा के लिए देश के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में सुरक्षित रख दिया गया है। बता दें कि भैंसे के बाल और रंग देखते हुए लोगों ने उसका नाम डोनाल्ड ट्रंप रख दिया था। करीब 700 किलोग्राम वजन वाले इस दुर्लभ एल्बिनो प्रजाति के भैंसे की सबसे बड़ी खासियत इसके सिर पर मौजूद हल्के सुनहरे, घने और लहराते हुए बाल हैं। सफेद रंग के इस भैंसे के बालों की लटें दिखने में काफी अलग और असाधारण हैं, जिसकी वजह से लोग इसकी तुलना अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मशहूर हेयरस्टाइल से करने लगे। इसके अनोखेपन को देखते हुए इसके पूर्व मालिक के भाई ने इसका नामकरण डोनाल्ड ट्रंप कर दिया था। देखते ही देखते इस भैंसे की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गए। इसके बाद बड़ी संख्या में बच्चे, आम लोग और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इस अनोखे जानवर के साथ तस्वीरें और सेल्फी खिंचवाने के लिए जुटने लगे। सरकार ने ऐसे बचाई जान भैंसे के पूर्व मालिक जिया उद्दीन मृधा ने त्योहार से पहले इसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था और इसे ईद पर कुर्बानी के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया गया था। हालांकि, इंटरनेट पर इसकी बढ़ती लोकप्रियता और दुर्लभ प्रजाति को देखते हुए पशुपालन विभाग ने सक्रियता दिखाई। विभाग ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से संपर्क कर इस दुर्लभ जीव को संरक्षित करने की आधिकारिक अपील की। अधिकारियों का तर्क था कि यह भैंसा अभी काफी युवा और स्वस्थ है, जिसका जीवन आने वाले कई सालों तक बचाया जा सकता है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इसे अपने कब्जे में ले लिया। चिड़ियाघर में विशेष शेड और क्वारंटीन ढाका नेशनल जू प्रशासन के मुताबिक, इस खास मेहमान के लिए चिड़ियाघर में एक अलग और विशेष शेड तैयार किया गया है। साथ ही उसकी चौबीसों घंटे देखरेख के लिए एक समर्पित कर्मचारी को भी नियुक्त किया गया है। वर्तमान में सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों को ध्यान में रखते हुए इस भैंसे को शुरुआती दो हफ्तों के लिए क्वारंटीन में रखा गया है, जिसके बाद इसे आम जनता के देखने के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। वीरेंद्र/ईएमएस/28मई 2026