- भजन-कीर्तन, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भक्तिमय माहौल में हुआ समापन फतेहपुर (ईएमएस)। शहर के जय हनुमान मंदिर चौक चौराहा स्थित मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चारण और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। कथा के समापन अवसर पर प्रातःकाल हवन एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर नजर आए और धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कथा समाप्ति के उपरांत कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। जजमानों और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने कन्याओं का स्वागत कर उनका सम्मान किया तथा उन्हें प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने इसे पुण्य और सेवा का कार्य बताते हुए आयोजन की सराहना की। इसके बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने पूरी, सब्जी और हलवे का प्रसाद ग्रहण किया। बड़ी संख्या में भक्तों की मौजूदगी के चलते मंदिर परिसर में देर तक श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में कथावाचक पंडित गोरेलाल मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन में कमेटी अध्यक्ष जगन्नाथ गांधी, संरक्षक कालिका प्रसाद मोदनवाल, महामंत्री पप्पन रस्तोगी, कोषाध्यक्ष राजू पुरवार, अतुल चौरसिया, उज्ज्वल गुप्ता, सतीश गुप्ता, मनोज मोदनवाल, कार्तिक मोदनवाल, शिवाकांत चौरसिया, राजा पुरवार, विकास कालका सहित समस्त कमेटी पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भंडारा वितरण में राहुल सोनी ने सक्रिय भूमिका निभाई। सतीश अग्रहरि सहित कमेटी के नवयुवक पदाधिकारी एवं मुख्य सेवादार सत्य भगवान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग किया। शीबू खान/ ईएमएस 28 मई, 2026