- ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मां नर्मदा की सहायक नदी नांदिया नदी के संरक्षण एवं सर्वेक्षण कार्य का शुभारंभ उद्गम स्थल से किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणजनों ने जल संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में बताया गया कि माँ नर्मदा की अविरल धारा को बनाए रखने में उनकी सहायक नदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सहायक नदियों के संरक्षण एवं सर्वेक्षण को लेकर मुख्यमंत्री एवं जन अभियान परिषद के अध्यक्ष डॉ. मोहन यादव तथा जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री श्री मोहन नागर के नेतृत्व में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में नांदिया नदी के सर्वेक्षण कार्य की शुरुआत की गई। सर्वेक्षण के दौरान नदी से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गईं तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कुओं की साफ-सफाई एवं जल स्रोतों के संरक्षण की कार्ययोजना तैयार की गई। जल संरक्षण का मुख्य उद्देश्य उपलब्ध मीठे पानी के प्राकृतिक संसाधनों का स्थायी प्रबंधन करना, भावी पीढ़ियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित बनाए रखना है। जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। ईएमएस/मोहने/ 28 मई 2026