क्षेत्रीय
28-May-2026
...


कबीरधाम(ईएमएस)। जिले के पंडरिया और लोहारा विकासखंड में एक बार फिर बड़े धान घोटाले का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के धान गबन और फर्जी खरीदी-बिक्री का खुलासा हुआ है। मामले को शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन मानते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। मामला कामठी समिति और धरमगढ़ क्षेत्र से जुड़ा है। जांच में पंडरिया विकासखंड की कामठी समिति में 3289 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी और बिक्री का मामला सामने आया है। वहीं लोहारा विकासखंड के धरमगढ़ क्षेत्र में करीब 1200 क्विंटल धान की हेराफेरी उजागर हुई है। खाद्य विभाग की जांच में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। आरोप है कि प्रभारी समिति प्रबंधक दयाराम पुसऊ, ऑपरेटर और अन्य संबंधित लोगों ने मिलीभगत कर शासन की राशि का दुरुपयोग किया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिकॉर्ड में हेरफेर और फर्जी लेनदेन के प्रमाण मिले हैं। विभाग का कहना है कि गबन की गई राशि संबंधित समिति प्रबंधक, ऑपरेटर और अन्य दोषियों से वसूली योग्य है। जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने कहा कि यह शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने संबंधित समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और विभाग अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 मई 2026