इन्दौर (ईएमएस) फारेक्स ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलवाने के नाम पर दस लाख की ठगी के मामले में दिल्ली पुलिस ने इन्दौर के आरएनटी मार्ग स्थित एक काल सेंटर पर दबिश दे छः आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम किर्तिक अग्रवाल, राजा अग्रवाल, हर्ष, निखिल, दीपक और विपिन है। डीसीपी पश्चिम विहार दिल्ली पुलिस के अनुसार एक व्यापारी से फारेक्स ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलवाने के नाम पर दस लाख की ठगी करने के मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की तो पता चला कि ठगों की लोकेशन इंदौर के आरएनटी मार्ग की है। इस पर एक टीम यहां आई और बीजेबी ग्लोबल नामक कॉल सेंटर पर छापा मारकर उक्त छः आरोपियों को गिरफतार किया पुलिस के अनुसार छापे के दौरान वहां 41 लोग थे। जिसमें 35 महिलाएं थीं। पुलिस ने यहां से 47 मोबाइल फोन, कई लेपटॉप और कम्प्यूटर जब्त किए है। पुलिस के अनुसार व्यापारी को निवेश के नाम पर आरोपियों ने चार माह तक उलझाए रखा और उसको फर्जी प्रॉफिट दिखाया लेकिन जब घाटा दिखाया तो उसने पैसे निकालने का प्रयास किया तब इस ठगी का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि इस गिरोह ने देश भर में और कितनी ठगी को अंजाम दिया है। आनंद पुरोहित/ 28 मई 2026